शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक एक बड़ा धमाका हुआ। इस धमाके के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पटाखा गोदाम की आड में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलायी जा रही थी। मौके पर बचाव अभियान चलाया गया। अभी तक पुलिस मलबे से पांच शव बाहर निकाल चुकी है। बचाव अभियान अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार शामली जिले के कांधला कस्बे में शुक्रवार की शाम दिल्ली रोड़ स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। इससे पहले की कोई कुछ समझता आग बढ़ गई और मौके पर विस्फोट हो गया। तेज धमाके की आवाज से आसपास के इलाके भी दहल गए। जिस जगह पटाखा गोदाम में विस्फोट हुआ वह पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि विस्फोट के दौरान कई लोग यहां मौजूद थे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम बचाव कार्य में जुट गई। मौके पर भारी फोर्स और अधिकारी भी पहुंच गए हैं। पुलिस इस घटना में मारे गए लोगों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।