मार्च तक हो प्राप्त धनराशि का व्ययः आयुक्त राजीव रौतेला




डीएम ने आयुक्त को दिया समय से व्यय करने का आश्वासन
सोनी चौहान
आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल राजीव रौतेला ने वीडियों कान्फ्रेसिंग के द्वारा मण्डल के जनपदों की जिला योजना, राज्य सैक्टर, केन्द्र सहायतित योजनाओं के अन्तर्गत व्यय की गयी धनराशि की समीक्षा की गयी। उन्होंने निर्देश दिये कि जो परिव्यय विभिन्न योजनाओं में स्वीकृत किया गया है। उसे मार्च तक हर हाल में व्यय करना सुनिश्चित करें। पूर्ण व्यय नहीं किये जाने की स्थिति में सम्बन्धित विभागीय अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।
आयुक्त ने जिला योजना में स्वीकृत धनराशि 45.23 करोड़ के सापेक्ष 37.63 करोड़ रूपये (82 प्रतिशत) वर्तमान तक व्यय किये जाने पर संतोष जताते हुए कहा कि अवशेष धनराशि को तय समय के अन्तर्गत व्यय किया जाय। आयुक्त ने समाज कल्याण विभाग के शिविर में धनराशि व्यय नहीं होने, वन विभाग व पशुपालन द्वारा कम व्यय किये जाने पर सम्बन्धित अधिकारियों को इस माह के अन्त तक प्रगति लाने के निर्देश दिये। लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाये जाने वाले पुल व सड़कों में किये जाने वाले व्यय में तेजी लाने के निर्देश उनके द्वारा दिये गये।


राज्य सैक्टर में विधायक निधि के अन्तर्गत आशातीत प्रगति नहीं होने पर उन्होंने जिलाधिकारी को व्यक्तिगत रूचि लेते हुए विधायकों से प्रस्ताव प्राप्त करते हुए योजनाओं में व्यय करने के निर्देश दिये। वहीं जल निगम की विभिन्न योजनाओं में भी कम प्रगति पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को साप्ताहिक समीक्षा करते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिये कि लोक निर्माण विभाग में भी राज्य सैक्टर के अन्तर्गत काफी धनराशि व्यय नहीं की जा सकी है। जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस माह के अन्त तक बेहतर प्रगति लायी जायेगी। आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल ने पंचायती राज विभाग द्वारा राज्य सैक्टर के अन्तर्गत ग्राम सभाओं को दी जाने वाली धनराशि को यथाशीघ्र ग्राम पंचायतों के माध्यम से व्यय करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नव गठित पंचायतों को जानकारी के अभाव में धनराशि लैप्स न हो जाय इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण व मदो की जानकारी सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से दी जाय। आयुक्त कुमाऊॅ मण्डल ने केन्द्र पोषित व वाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी को वर्ष 2018-19 की स्वीकृत धनराशि को व्यय करने के निर्देश दिये। इसके अलावा उन्होंने केन्द्र पोषित योजनाओं के अन्तर्गत शिक्षा, कृषि, पंचायती राज, स्वजल, जल निगम, नगर विकास विभागों को स्वीकृत धनराशि को समय से व्यय करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी नितिन सिह भदौरिया ने बताया कि सभी सैक्टरों में मार्च के अन्त तक पूर्ण धनराशि खर्च कर ली जायेगी। इसके लिए समय-समय पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये है। उन्होंने आयुक्त को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का पालन ससमय किया जायेगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, डीएफओ केएस रावत, मुख्य चिकित्साधिकारी डा सविता हयांकी, अधीक्षण अभियन्ता लोनिवि डीएस हयांकी, जिला शिक्षाधिकारी एचबी चन्द, अर्थ एवं संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, अपर संख्याधिकारी कुन्दन लाल के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *