पूर्व सीएम हरीश रावत पर मुकदमा दर्ज होने पर भड़के कांग्रेसी




नवीन चौहान, देहरादून। सीबीआई द्वारा पूर्व सीएम हरीश रावत के खिलाफ केस दर्ज करने पर कांग्रेसी भड़क गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि हरीश रावत को गिरफ्तार किया तो पूरे प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता जेलों को भरने का काम करेंगे। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सीबीआई ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर ऐसी घटना में मुकदमा दर्ज किया है, जो घटित ही नहीं हुई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला
उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत पर बुधवार को दिल्ली में सीबीआई ने केस दर्ज किया है। इस केस के दर्ज होने के बाद गुरूवार को युवा कांग्रेस ने एस्लेहॉल पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य व केंद्र की भाजपा सरकारों पर सीबीआई, ईडी व इनकम टैक्स विभागों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में इसका फैसला होगा।

इन्होंने किया संबोधित
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी आदि ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान पूरण सिंह रावत, नवीन पयाल, अमरजीत सिंह, विकास नेगी, महेश जोशी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

कोटद्वार में भी फूंका केंद्र सरकार का पुतला
कोटद्वार में भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर सीबीआई द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। उन्होंने केंद्र सरकार से पूर्व मुख्यमंत्री पर हुए मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को गलत आरोप में फंसा कर मुकदमा दर्ज कराया गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *