भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस ने बनाई रणनीति




नवीन चौहान
उत्तराखंड में भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा के खिलाफ रणनीति बनाई है। इसी के चलते कांग्रेस आगामी 28 जनवरी को सिटी मजिस्टेट कार्यालय पर सुबह 11 बजे विशाल धरना प्रदर्शन करेंगी और मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देंगी।
शुक्रवार को प्रेस क्लब परिसर में उत्तराखंड प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व राज्य मंत्री सुशील राठी ने पत्रकार वार्ता करने अपनी रणनीति का खुलासा किया। सुशील राटी ने बताया कि उत्तराखंड के किसान बदहाल है। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। भाजपा सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया है। जिसके चलते उत्त्राखंड के किसान खुद को छला हुआ महसूस कर रहे है। पूर्व में कई किसानों ने आत्महत्या तक की है। इसके बाद भी उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने किसानों की कोई सुध नहीं ली है। सुशील राठी ने बताया कि तीन राज्यों में जहां कांग्रेस की सरकार बनी है। वहां किसानों के ऋण माफ कर दिए गए है। कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी वायदे को 24 घंटे के अंदर पूरा कर दिखाया। जबकि उत्तराखंड सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर किसानों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय किसान कांग्रेस कमेटी के राष्टीय अध्यक्ष नाना पटोले किसानों के हितों के लिए देश भर में दांडी यात्रा कर रहे है और भाजपा सरकार के खिलाफ सत्याग्रह यात्रा कर रहे है। 30 जनवरी को राजघाट दिल्ली में दांडी यात्रा का समापन होगा। जिसमें उत्तराखंड के लाखों किसान भाग लेंगे।
कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राव आफाक अली ने कहा कि उत्तराखंड में भी किसानों की समस्याओं को कांग्रेस दूर कराने का प्रयास करेंगी। यदि सरकार ने किसानों की समस्या को दूर नहीं किया तो सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला जायेगा और सरकार की आंखे खोलने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने किसानों की सात सूत्री मांगों को लेकर एक ज्ञापन तैयार किया है। जिसमें प्रमुख रूप से किसानों का गन्ना भुगतान, किसानों के पूर्ण कर्ज माफी, बिजली के बिल माफी, किसान फसल बीमा को राज्य सरकार से फ्री कराना,गन्ना समर्थन मूल्य को बढ़ाना, स्वामी नाथन आयोग की सिफारिशों को लागू कराना, चकबंदी में हो रहे भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की जायेगी। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व दर्जाधारी मंत्री पुरूषोत्तम शर्मा, मनीष कर्णवाल, राजेश रस्तोगी, राजवीर चौहान, ठाकुर रतन सिंह, सत्यनारायण शर्मा, विपिन सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *