पिता ने डोली में किया विदा लेकिन उठानी पड़ी अर्थी, जानिए पूरी खबर




नवीन चौहान,

मेरठ। एक पिता का सबसे बड़ा सपना बेटी को डोली में विदा करने का होता है। उसने भी बड़े ही अरमानों के साथ अपनी लाड़ली बेटी को दुल्हन के जोड़े में विदा किया था। लेकिन कुछ ही क्षणों बाद जब उसकी दर्दनाक मौत की खबर सुनी तो उसके पैरो की जमीन ही खिसक गई। बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार देर रात दिल्ली-देहरादून हाइवे पर थाना दौराला क्षेत्र में लूटपाट के बाद एक नई नवेली दुल्हन की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। लूटपाट करने के बाद बदमाश मुजफ्फरनगर की ओर फरार हो गए। पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बदमाशों की तलाश में जुट गई। दूल्हा दुल्हन निकाह के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। लौटते वक्त यह वारदात हुई। पुलिस के मुताबिक बारात दादरी से वापस मुजफ्फरनगर लौट रही थी। हाईवे पर दौराला क्षेत्र में मटौर गांव के पास पीछे से कार में सवार आधा दर्जन बदमाशों ने ओवरटेक कर दूल्हा-दुल्हन की कार रुकवा ली। कार रुकते ही बदमाशों ने सभी को गन प्वाइंट पर ले लिया। दरअसल, गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती की शादी शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के एक युवक से हुई थी। शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद एक परिवार से बिछड़ने का गम और एक परिवार से रिश्ता जुड़ने के साथ अपने दिल में ढेरों अरमान लिए युवती डोली में बैठकर मायके से ससुराल के लिए विदा हुई। लेकिन, कुदरत को शायद कुछ ओर ही मंजूर था। जैसे ही दुल्हन अपने सपनों के राजकुमार के साथ स्वीफ्ट डिजायर कार में सवार होकर दौराला थाना क्षेत्र के मटोर गांव के पास पहुंची तो कार सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उनकी कार को रोक लिया। कार में दूल्हा शाहवेज के जीजा, बहन एवं दो साल का बच्चा भी था। कार रुकने के बाद बदमाशों ने दुल्हन के सभी गहने उतरवा लिए। दुल्हन, उसके पति और अन्य लोगों से कैश और कार भी लूट ली। विरोध करने पर आरोपितों ने पति पर गोली चला दी, लेकिन पत्नी के सामने आ जाने से उसके सीने में गोली लग गई। इसके बाद पीछे से आ रही बारात की दूसरी गाड़ी में सवार बाराती दुल्हन को लेकर गंभीर हालत में लेकर मुजफ्फरनगर गए और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने दुल्हन को मृत घोषित कर दिया। यह मामला जनपद मेरठ के थाना दौराला क्षेत्र के एनएच-58 गांव मटोर का है। इस घटना की जानकारी मिलने पर थाना मंसूरपुर पुलिस सीओ खतौली एसपी सिटी सहित तमाम पुलिस अधिकारी मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली घटना के बाद मुजफ्फरनगर में एनएच-58 पर जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया गया लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *