नवीन चौहान
हरिद्वार। लोकसभा चुनाव के लिए टिकट बंटवारे पर भाजपा शनिवार से मंथन कर रही है। इस मंथन में फिलहाल किसी भी प्रत्याशी की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, किन्तु हरिद्वार से डा. रमेश पोखरियाल निशंक, टिहरी सीट से महारानी राजलक्ष्मी शाह व अल्मोड़ा से अजय टम्टा के नामों पर मोहर लग गई है। जबकि पौड़ी और नैनीताल सीट पर पेंच फंसा है। नैनीताल पर भगत सिंह कोश्यारी के चुनाव लड़ने से इंकार करने के कारण घोषणा में विलम्ब हो रही थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के कहने पर भगत दा चुनाव लड़ने के लिए मान गए हैं और उन्हीं के नाम पर आलाकमान ने मोहर भी लगा दी है। जबकि पौड़ी सीट से कर्नल अजय कोठियाल को टिकट मिलने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक दोपहर 2 बजे आधिकारिक रूप से उत्तराखण्ड की सभी सीटों पर नामों की घोषणा कर दी जाएगी। हालांकि उत्तराखण्ड की पांचों सीटों पर भाजपा को अपना विजय अभियान विगत की भांति बनाए रखने की चुनौती है। इस चुनाव में भाजपा को कांग्र्रेस से करारी टक्कर मिलने की उम्मीद है। राहुल की देहरादून में हुई रैली से कांग्रेस खासे उत्साहित हैं और भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खण्डूरी के बेटे मनीष के कांग्रेस का दामन थाम लेने से कांग्रेसियों का मनोबल और बढ़ गया है।