भगतदा ने केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार बोले उत्तराखंड का हुआ सम्मान




नवीन चौहान
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाये जाने पर उन्होंने हरिद्वार के डामकोठी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। भगत दा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने जो जिम्मेदारी दी है वह एक प्रकार से उत्तराखंड का सम्मान है। मेरे प्रदेश का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता को जो गांव की गरीबी से निकला है। उसको भाजपा ने पहले मुख्यमंत्री बनाया फिर लोकसभा और राज्यसभा भेजा और अब महाराष्ट्र जैसे प्रदेश का राज्यपाल बनाया है। ये पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है।
रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे सीएम भगत सिंह कोश्यारी हरिद्वार स्थित डाम कोठी पहुंचे। जहां भाजपा कार्यकर्ताओंं ने भगतदा पर पुष्प वर्षा की। भगत दा अपने पुराने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने बड़ी गर्मजोशी के साथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, भाजपा नेताओं ने बुके देकर उनका स्वागत किया। जिसके बाद भगत दा ने बड़ी बेबाकी के साथ पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा हाईकमान ने उनको राज्यपाल बनाकर एक विनम्र सेवा का अवसर प्रदान किया है। वह महाराष्ट्र की महान जनता की पूरी तन्मयता के साथ सेवा करूंगा। पत्रकारों के सवालों के जबाव में भगत दा बोले कि मैंने जिंदगी में हमेशा संवैधानिक कार्य करने का ही काम किया है। मैंने कोई गैर संवैधानिक कार्य कभी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि संघ की मूलभूत गुण है कि संवैधानिक और देश के कार्यो को करते है। हम कभी तोड़फोड़ नही करते है। संघ के संस्कारों की वजह से ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश और दुनिया में नाम कमाया है तो मुझे भी संवैधानिक पद पर भेजा जा रहा है। तो उस कार्य को पूरी ईमानदारी से करने में सफल रहूंगा। भगत दा बोले कि राज्यपाल का पद एक संवैधानिक पद होता है। उन्होंने कहा कि जो राज्य वहां पर शासन कर रहे है उनके सभी कार्य संवैधानिक तरीके से हो रहे है इसकी निगरानी करने का कार्य राज्यपाल का होता है। हालांकि उन्होंने मुस्कराते हुए अपने राजनैतिक और प्रशासनिक अनुभव के तौर पर पत्रकारों को कहा कि आपके आशीर्वाद से इस जिम्मेदारी का निर्वहन करने में मुझे कोई कठिनाई नही होनी चाहिए। स्वागत करने वालों में संजय सहगल, रोहित साहू, सुशांत पाल, सुनील प्रजापति, लव कुमार शर्मा,आशुतोष शर्मा व तमाम महिला नेत्रियां मौजूद रही।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *