संजीव शर्मा
मेरठ। एक सिरफिरे आशिक ने एक तरफा प्यार में पागल होकर युवती और उसके पिता की गोली मारकर जान ले ली। विरोध करने आए युवती के भाई को भी गोली मार दी। भाई को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद शादी की तैयारियों के बीच मातम पसर गया।
यह घटना थाना टीपीनगर की शिवपुरम कालोनी में देर रात करीब 12 अंजाम दी गई। पुलिस के अनुसार शिवपुरम कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार की बेटी आंचल की 29 जून को बारात आनी थी, घर में मंगलगीत गाए जा रहे थे, तभी वहां शनिवार देर रात करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाला सागर अपने साथियों के साथ राजकुमार के घर पहुंचा। वहां उसने जाते ही आंचल के सीने में तमंचे से गोली मार दी। उसे रोकने के लिए राजकुमार और उसका बेटा रमन आग आए तो सागर और उसके साथियों ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली लगने से आंचल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर हालत में राजकुमार और रमन को अस्पताल पहुंचाया गया, अस्पताल में राजकुमार की भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना टीपीनगर पुलिस के अलावा सीओ ब्रहमपुरी भी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश के लिए उनके घरों पर दबिश दी गई लेकिन वह फरार मिले। इस दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जिस घर में शादी की तैयारी चल रही थी वहां मातम पसर गया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिये। एसपी क्राइम रामअर्ज ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।