गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव की अधिसूचना जून के पहले सप्ताह तक जारी कर दी जाएगी। चुनाव 8 जुलाई से पहले करा लिए जाएंगे। चुनाव कई चरणों में होंगे लेकिन चरण अभी तय नहीं हो पाया है। यह जानकारी मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त एस.के. अग्रवाल ने शुक्रवार को जीडीए सभागार में गोरखपुर, बस्ती, देवीपाटन मंडल में निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए अपराधियों, अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।